सपनों का हमसफर
रोज रोज पता नहीं क्यूँ
वो मेरे सपनों में आता है,
बातचीत नहीं होती लेकिन
फिर भी एक पहचान सी हो गयी है,
जैसे उस वॉचमैन से हो गयी है
जो मिलता है हर रोज दफ्तर जाते वक़्त,
सपनों के सफ़र की शुरुआत अकेले ही होती है
अक्सर
लेकिन किसी न किसी मोड़ से वो साथ लग लेता
है,
बिना कुछ कहे बिना कुछ सुने.
जब सुबह को किसी आहट से नींद टूट जाती है
तो सपनों का सफ़र बीच में ही अधूरा रह जाता
है
और ये सपनों का साथी भी कहीं बीच में ही
खो जाता है,
बातचीत नहीं होती लेकिन
फिर भी एक पहचान सी हो गयी है
इस अनबोले हमसफ़र से.
